नारकोटिक्स आयुक्त के भीलवाड़ा दौरे में उठे अफीम किसानों के मुद्दे

भीलवाड़ा समाचार 
आकोला रमेश चंद्र डाड। नारकोटिक्स आयुक्त ग्वालियर श्री दिनेश विसेन ने गुरुवार को जिला अफीम कार्यालय भीलवाड़ा का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला अफीम अधिकारी श्री सुशील कुमार वर्मा ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के बाद आयुक्त ने अफीम किसानों एवं नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों से किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान भारतीय किसान संघ की ओर से अफीम किसानों के हित में विभिन्न मांगें नारकोटिक्स आयुक्त के समक्ष रखी गईं। किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि कई किसान लंबे समय से अधिक बुवाई अथवा विभागीय स्तर पर लंबित मामलों के कारण अपने अफीम पट्टों से वंचित हैं। ऐसे प्रकरण जो नारकोटिक्स आयुक्त के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, उनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित पट्टे जारी करने की मांग की गई।

किसान प्रतिनिधियों ने आगामी अफीम नीति के संबंध में भी किसानों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने वर्ष 1990 में बुवाई की तथा वर्ष 1991 में अपनी उपज विभाग के समक्ष प्रस्तुत की, ऐसे कई प्रकरण विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन दर्ज होने के बावजूद अब तक लंबित हैं। किसान संघ ने मांग की कि इन सभी लंबित एवं ऑनलाइन दर्ज अफीम पट्टों को शून्य अथवा न्यूनतम औसत के आधार पर जारी करने की प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि वर्षों से इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिल सके।

किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि अफीम किसानों से जुड़े पुराने लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण होने से बड़ी संख्या में किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने आगामी नीति में भी किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लंबित प्रकरणों के समाधान की मांग रखी।

इस दौरान जिला अफीम अधिकारी श्री सुशील कुमार वर्मा सहित नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में अफीम किसान एवं भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बद्रीलाल तेली, प्रांत अफीम आयाम प्रमुख एवं अध्यक्ष भारतीय किसान संघ चित्तौड़ प्रांत, बद्रीलाल जाट, प्रदेश अफीम आयाम प्रमुख, जिला मंत्री लादूलाल जाट, जिला अफीम प्रमुख रामपाल जाट, भंवरलाल सुथार, रामेश्वरलाल जाट सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।